झाझा स्टेशन पर बड़ा हादसा: रेलवे की लापरवाही से हाईटेंशन तार की चपेट में आया पेंटर, 80% तक झुलसा : निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज

KK Sagar
2 Min Read

झाझा: रेलवे सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर कराए जा रहे डेंटिंग-पेंटिंग कार्य के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, रेलवे आई.डब्ल्यू विभाग द्वारा झाझा स्टेशन प्लेटफार्म पर पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान काम कर रहे मजदूर एवं पेंटर नीरज कुमार (मालाकार) रेलवे पुल के नीचे गुजर रही हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए और जोरदार करंट लगने से बुरी तरह झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगते ही नीरज कुमार को तेज झटका लगा और वह मालगाड़ी के डब्बे के ऊपर गिर पड़े। गनीमत रही कि नीचे मालगाड़ी खड़ी थी, नहीं तो मौके पर ही उनकी मौत हो सकती थी। वहां मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों के अनुसार हादसे में नीरज कुमार का शरीर करीब 80 प्रतिशत तक जल गया है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं बता दें कि प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया जबकि उनके परिजन मरीज को जमुई पुष्पांजलि हॉस्पिटल में ले गए जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इतने संवेदनशील कार्य के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किये गए थे वहीं बेगूसराय के पंकज नाम के ठेकेदार का नाम सामने आ रहा है जिसके ठेकेदारी में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और मानकों का पालन किए मजदूरों से काम कराया जा रहा था।

घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और घायल मजदूर के बेहतर इलाज व मुआवजे की मांग की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....