रंगदारी न देने पर चलाई थी गोलियां, अब यूपी के वाराणसी से गिरफ्तार हुआ जुगसलाई फायरिंग का मुख्य आरोपी

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने जुगसलाई के यूनिक कलेक्शन शोरूम फायरिंग मामले के मुख्य शूटर सन्नी सिंह सरदार को वाराणसी से धर-दबोचा है। जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर मनीष सिंह के इशारे पर रंगदारी वसूलने के लिए इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस इस मामले में टेल्को निवासी सागर उपाध्याय को भी हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

जेल से चल रहा था रंगदारी का खेल
​पुलिस तफ्तीश में यह साफ हो गया है कि बीती 17 मई को शोरूम संचालक पर हुआ हमला कोई मामूली वारदात नहीं, बल्कि जेल के भीतर से रची गई एक बड़ी साजिश थी।
मास्टरमाइंड: गैंग सरगना मनीष सिंह, जो पिछले तीन महीनों से जेल में बंद है। उस पर हत्या, धोखाधड़ी और रंगदारी जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
वजह: शोरूम संचालक द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर डराने के उद्देश्य से मनीष के इशारे पर ही मुख्य शूटर सन्नी सिंह सरदार ने साथियों के साथ मिलकर अंधाधुंध गोलियां चलाई थी।

छह मददगार पहले ही पहुंच चुके हैं सलाखों के पीछे
​पुलिस ने इस मामले में चौतरफा कार्रवाई करते हुए शूटर सन्नी सिंह की मदद करने वाले 6 अपराधियों को पहले ही जेल भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जुगसलाई के रहने वाले अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू और अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक, चांडिल का रहने वाला शातिर अपराधी बानेश्वर नामता शामिल है।

भारी मात्रा में हथियार और कार जब्त
​वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों के पास से हमले में इस्तेमाल और छुपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद किया था। 4 देसी पिस्तौल और 3 मैगजीन, 5 जिंदा कारतूस और 1 खोखा और वारदात को अंजाम देकर भागने में इस्तेमाल की गई मरून रंग की वैगनआर कार, 6 मोबाइल फोन को जब्त किया गया है।

अपराधियों का खूंखार इतिहास
​पकड़े गए अपराधियों का पुराना और लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जो इनके खतरनाक मंसूबों को बयां करता है।।
बानेश्वर नामता: यह भुइयांडीह के चर्चित टकलू लोहार हत्याकांड में शामिल था, जहां इसे खुद भी गोली लगी थी। इलाज के दौरान ही यह मनीष सिंह गैंग के संपर्क में आया था। इसके खिलाफ चांडिल, चौका, आरआइटी, तिरुलडीह और पुरुलिया के अड़सा थाना में हत्या जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।
अंकित सोनकर उर्फ खटीक: इसके खिलाफ बर्मामाइंस और टेल्को थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
राहुल सिंह और हरप्रीत सिंह: इन दोनों अपराधियों के खिलाफ गोलमुरी थाना में पहले से मामले दर्ज हैं।

Share This Article