बिहार में कानून-व्यवस्था और अपराध के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे की एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आर्टिफिशियल सीएम कहते हुए सवाल पूछे हैं। उन्होंने आंकड़े जारी करते हुए कहा, महज 1 महीने के भीतर बिहार से 8 हजार 681 बच्चे गायब हो चुके हैं, जिनमें से 85 फीसदी सिर्फ लड़कियां हैं।
तेजस्वी ने सीएम को कहा ‘बयान बहादुर’
तेजस्वी यादव ने डेटा के जरिए बिहार सरकार पर निशाना साधा और सीएम सम्राट चौधरी को ‘बयान बहादुर’ कहा। उन्होंने कहा कि आज बिहार की महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। डायलॉग बाजी से ही बिहार सम्भालने की गलतफहमी पाले बैठे ‘बयान बहादुर’ की सरकार में बिहार की कानून व्यवस्था इतनी बुरी तरह खराब हो चुकी है कि पिछले 1 महीने में ही बिहार से 8 हजार 681 बच्चों के गायब हुए है, जिसमें 85 फीसद लड़कियां हैं।
अपने एक्स पोस्ट के जरिए आरजेडी नेता ने कहा है कि बिहार में प्रतिदिन अनेकों दुष्कर्म की जघन्य घटनाएं घटती हैं। घर में घुसकर महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया जाता है। चंद दिनों में 75 से अधिक दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। स्वर्णकारों के साथ दिनदहाड़े लूट की घटनाएं होती हैं।
तेजस्वी ने सम्राट चौधरी को बताया ‘आर्टिफिशियल सीएम’
आरजेडी नेता ने सीएम पर तीका हमला बोलते हुए कहा कि, पूरे जीवन में बार-बार राजनीतिक गमछा और चश्मा बदलने वाले असहाय मुख्यमंत्री ‘AI तकनीकयुक्त कैमरा’ का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि आर्टिफिशियल बातें करने वाले आर्टिफिशियल सीएम को न तो बिहार की फिक्र है और न ही बिहारवासियों की।
तेजस्वी बोले- अपराधी अब ‘सम्राट’ रूप धारण कर चुके
तेजस्वी ने हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले नीट छात्रा की हत्या और अब पॉलिटेक्निक परीक्षा देने पटना आई नाबालिग छात्रा के साथ होटल में छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास।य़ इस बात का प्रमाण है कि बिहार में अपराधी अब सम्राट रूप धारण कर चुके हैं। उन्होंने NAARI 2025 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए पटना को महिलाओं के लिए देश का सबसे असुरक्षित शहर बताया।
रीलबाजी-सड़कछाप डायलॉगबाजी छोड़े सीएम-तेजस्वी
पाताल से अपराधियों को ढूंढने के दावों को खोखला बताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कृत्रिम तरीके से नोमिनेटेड मुख्यमंत्री बने “अपराधियों के सम्राट” की सरकार में पुलिस और कानून का डर पूरी तरह से खत्म हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री को कड़ा संदेश देते हुए कहा, “बड़बोले मुख्यमंत्री से आग्रह है कि टपोरियों की तरह सड़कछाप डायलॉगबाजी छोड़, रीलबाजी से फुर्सत निकाल कर बिहार की मातृशक्ति की सुरक्षा के लिए कारगर उपाय करें। हम महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होने देंगे।

