शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को हाईवा ने मारी टक्कर; 3 महिलाओं समेत 4 की मौत

Reena Sharma
2 Min Read

बाढ़। शादी समारोह से लौट रही बारात की खुशियां अचानक मातम में बदल गयीं। अथमलगोला थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित हाईवा ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो सवार सात लोगों में से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।

शादी से लौट रही बारात हादसे का शिकार

जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर के बेलथान गांव गयी थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अथमलगोला थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित हाईवा ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

तीन गंभीर घायलों को पीएमसीएच किया गया रेफर

हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए बाढ़ अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच की। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

सिकंदरा गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद सिकंदरा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही हादसे में चार लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article