मेदिनीनगर: पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की। मेदिनीनगर के छः मुहाँन पर प्याऊ के उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त स्वयं सेवक की भूमिका में नजर आए और बच्चों एवं राहगीरों को अपने हाथों से ठंडा पानी पिलाया।

इस दौरान उपायुक्त ने लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पानी पीने के बाद इस्तेमाल किए गए ग्लास को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थान पर ही रखें ताकि स्वच्छता बनी रहे और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।
उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को जनसेवा की भावना से आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा, “मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है” और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से भी जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि समाज में सहयोग, सेवा और स्वच्छता की भावना और मजबूत हो सके।

