पिनराई विजयन से जुड़े कथित CMRL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए केरल में 10 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी ने तिरुवनंतपुरम स्थित उनके किराए के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया।
ED की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है। मामला Cochin Minerals and Rutile Limited और विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच हुए कथित लेनदेन से जुड़ा है।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोप है कि साल 2018-19 के दौरान CMRL ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जबकि कंपनी द्वारा कोई वास्तविक सेवा नहीं दी गई थी। इसी कथित भुगतान को लेकर ED मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को Kerala High Court ने CMRL की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें कंपनी ने ED की कार्रवाई को रद्द करने की मांग की थी। इसके बाद बुधवार को जांच एजेंसी ने छापेमारी तेज कर दी।
ED ने इस मामले में साल 2024 में PMLA के तहत केस दर्ज किया था और अब वित्तीय लेनदेन व दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।

