बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की छूट मिलने के बाद पुलिस का एक्शन जारी है। इसी क्रम में पुलिस की ओर से ऑपरेशन लंगड़ा चलाया जा रहा है। जिसके तहत पटना में बुधवार सुबह दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया गया।
गोपालपुर में कैश वैन लूटकांड में आरोपी
पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के चरमा गांव में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अजय पासवान के पैर में गोली लग गई। वहीं, उसके साथी अजय यादव उर्फ छोटू उर्फ सरवन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों अपराधी 13 मई को गोपालपुर थाना क्षेत्र में सिक्योरिटी वाहन से 27 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल बताए जा रहे हैं।
बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की थी कोशिश
बताया जा रहा है कि ये दोनों बदमाश पिछले दो दिनों से मसौढ़ी इलाके में सोना कारोबारियों की रेकी कर रहे थे। पुलिस को शक है कि ये किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इससे पहले बताया जा रहा है कि पुलिस को इनकी मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जवाबी एक्शन लेते हुए अजय पासवान के पैर में गोली मार दी।
हत्या-लूट-रंगदारी समेत कई कई गंभीर मामले दर्ज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों अपराधियों के खिलाफ पटना के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है।

