डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर में आज त्याग और समर्पण का त्योहार बकरीद (ईद-उल-अजहा) पूरे हर्षोल्लास, अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए नमाज़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी गई। त्योहार को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे शहर को रणनीतिक रूप से विभाजित किया गया है। प्रशासन की ओर से 13 सुपर जोनल और 35 जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, जो लगातार क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी और फ्लैग मार्च
जिला प्रशासन ने मानगो, साकची, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइंस, कदमा, जुगसलाई, टेल्को, परसुडीह, पोटका और मुसाबनी जैसे घनी आबादी वाले थाना क्षेत्रों को संवेदनशील चिह्नित कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। वही सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने के लिए कदमा, आजादनगर और बर्मामाइंस समेत विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर अफवाहों पर ध्यान न देने और त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी, बॉर्डर पर सघन चेकिंग
विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर और ग्रामीण एसपी खुद फील्ड में उतरकर कमान संभाले हुए हैं। जिले के सभी 36 थानों के प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चौबीसों घंटे गश्त करने के निर्देश हैं। शहर के प्रवेश और निकास द्वारों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से पारडीह चौक, बॉम्बे चौक, मानगो ब्रिज और खरकई ब्रिज के पास कड़े चेकिंग बैरियर लगाए गए हैं।
कंट्रोल रूम एक्टिव, सोशल मीडिया पर पैनी नजर
कंट्रोल रूम (CCR) ड्यूटी: जिला नियंत्रण कक्ष में चौबीसों घंटे (तीनों पालियों में) 27 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, जमशेदपुर जिला नियंत्रण कक्ष में 18 और घाटशिला अनुमंडल में 9 दंडाधिकारियों को रिजर्व में रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर वारंट: डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज कुमार ने स्पष्ट किया है कि साइबर सेल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम पूरी तरह सक्रिय है। इंटरनेट पर अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ त्वरित व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील: जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार की खुशियां मिल-जुलकर मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या आपातकालीन स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें।

