अंगारपथरा में बवाल: राकोमयू नेता जुबेर आलम पर जानलेवा हमला, फायरिंग के आरोप से दहला इलाका

KK Sagar
3 Min Read

अवैध कोयला तस्करी के विरोध में हुआ विवाद, बेटे के घायल होने की बात

धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगारपथरा में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब राकोमयू नेता जुबेर आलम पर फायरिंग किए जाने का आरोप सामने आया। घटना के दौरान उनके घर पर ईंट-पत्थर से हमला और मारपीट किए जाने की भी बात कही जा रही है। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी, जिससे जुबेर आलम बाल-बाल बच गए। वहीं हमले में उनके पुत्र सलमान घायल हो गए।

घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर अंगारपथरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

क्या है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि अंगारपथरा ओपी क्षेत्र स्थित मां अंबे आउटसोर्सिंग के बंद कार्यालय के पीछे कुछ कथित कोयला तस्कर अवैध तस्करी के उद्देश्य से जुबेर आलम के बीसीसीएल आवास की बाउंड्री तोड़ने पहुंचे थे। इसका विरोध जुबेर आलम के परिजनों ने किया।

आरोप है कि विरोध करने पर तस्करों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर जब जुबेर आलम मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। हालांकि वे बाल-बाल बच गए।

इसके बाद परिवार के सदस्य जान बचाने के लिए घर के अंदर चले गए। आरोप है कि हमलावरों ने बाहर से लगातार ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया, जिसमें जुबेर आलम के पुत्र सलमान घायल हो गए।

लोगों की भीड़ जुटते ही फरार हुए आरोपी

घटना के दौरान जुबेर आलम और उनके परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। स्थानीय लोगों की भीड़ बढ़ती देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

जुबेर आलम ने आरोप लगाया कि उनके घर के पीछे लंबे समय से अवैध कोयला तस्करी की जा रही थी। गुरुवार को जब कुछ लोग उनकी बाउंड्री तोड़ने पहुंचे और इसका विरोध किया गया, तब जान मारने की नीयत से उन पर गोली चलाई गई।

पुलिस ने फायरिंग की घटना से किया इंकार

इधर, अंगारपथरा ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार ने गोली चलने की घटना से साफ इंकार किया है। उन्होंने कहा कि घटना के समय पुलिस की गश्ती टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी और बकरीद को लेकर पुलिस पहले से अलर्ट मोड में थी।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....