झाझा नगर परिषद् पर अव्यवस्थित नाला निर्माण का आरोप, लोगों में आक्रोश
झाझा। बारिश का मौसम अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन झाझा नगर पंचायत क्षेत्र में जलजमाव की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ानी शुरू कर दी है। ऐसा ही मामला झाझा नगर परिषद् अंतर्गत वार्ड संख्या 21 स्थित लाला टोली से सामने आया है, जहां नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद् पर अव्यवस्थित ढंग से नाला निर्माण कराने का आरोप लगाया है।
स्थानीय निवासी हर्ष अनमोल ने अपने घर और मोहल्ले की स्थिति बताते हुए कहा कि झाझा नगर परिषद् द्वारा बस स्टैंड स्थित कार्यालय से लेकर लाला टोली होते हुए आगे तक नया नाला बनाया गया है, लेकिन इसकी संरचना सही तरीके से नहीं की गई। नाले से पानी की निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है, जिससे पूरा नाला भर जा रहा है और गंदा पानी घरों में प्रवेश कर रहा है।
उन्होंने बताया कि मोहल्ले में लगभग 30 से 35 कमरे ऐसे हैं, जहां घुटने तक नाले का पानी जमा हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि पूजा घर तक में गंदा पानी घुस गया है। जलजमाव और गंदगी के कारण इलाके में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। यहां बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे भी रहते हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
हर्ष अनमोल ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार झाझा नगर परिषद् से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि अगर अभी यह स्थिति है तो पूरी बरसात शुरू होने के बाद हालात और भयावह हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद् से अविलंब जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने और नाले की खामियों को दूर करने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को पानी और गंदगी के बीच रहने को मजबूर न होना पड़े तथा किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

