छत्तरपुर (पलामू): पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पाटन जाने वाली सड़क पर नगदारा के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान छत्तरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द निवासी ग्रामीण चिकित्सक उदय सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उदय सिंह किसी निजी कार्य से बाहर गए थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।

