बाघमारा: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद 4 नंबर में 27 मई की रात हुई मारपीट और हवाई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बाघमारा अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे और घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (JH10CK-0025) बरामद की है।
पुरानी रंजिश में चली गोलियां
पुलिस के अनुसार, छाताबाद निवासी अमित यादव और विकास बजरंगी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर 27 मई की रात दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर जमकर मारपीट हुई और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से 3 से 4 राउंड हवाई फायरिंग की गई।
इस दौरान अपने घर की छत से शोर सुनकर नीचे देख रहे तौशिफ अंसारी के कंधे में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। वहीं मारपीट में शामिल नीतिश यादव के पैर में भी गोली लगी है।
20 नामजद समेत कई अज्ञात पर केस दर्ज
घटना के बाद बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने कतरास थाना में कांड संख्या 152/26 दर्ज करते हुए 20 नामजद और 8 से 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आनंद कुमार यादव की निशानदेही पर छुपाकर रखी गई देशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी
आनंद कुमार यादव (28 वर्ष), निवासी- छाताबाद 04 नंबर, कतरास
विवेक कुमार ठाकुर (25 वर्ष), निवासी- भगत सिंह चौक, तेलियाबांध, कतरास
करण कुमार दास (32 वर्ष), निवासी- छाताबाद 05 नंबर, कतरास
बरामद सामान
01 देशी पिस्टल
02 जिंदा कारतूस
02 खोखा
01 काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी
डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

