धनबाद : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, पूर्व मध्य रेल, धनबाद द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 15 मई से 05 जून 2026 तक वरीय कोचिंग डिपो अधिकारी रणधीर कुमार के दिशा-निर्देश एवं DEnHM उदय कुमार की देखरेख में चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में धनबाद स्टेशन परिसर में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम जिला आयुक्त अशोक कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, वृक्षारोपण और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा 29 मई को महाराणा प्रताप ओपन ग्रुप, इंदिरा गांधी ग्रुप, सरोजिनी नायडू ग्रुप, नेताजी ग्रुप, वीर शिवाजी ग्रुप और प्रियदर्शी सम्राट अशोक ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला, निबंध और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में कुल 145 स्काउट्स, गाइड्स और लीडरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागियों और आयोजकों की सराहना की गई।

