रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेट प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने की बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वैभव को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा, ताकि युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुंचाया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाज़ी और निडर खेल से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों का आत्मविश्वास के साथ सामना करना असाधारण प्रतिभा का परिचायक है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में वैभव ने जिस साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह भारतीय क्रिकेट के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की जीवंत मिसाल हैं, जिनसे देश के करोड़ों युवा प्रेरणा ले सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वैभव की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रभावित किया है। इसी कारण स्वास्थ्य विभाग उनके साथ मिलकर युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस को बढ़ावा देने का अभियान चलाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करेंगे। जल्द ही उन्हें झारखंड में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

