बाहुबली विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से फिर राहत, इस मामले में गिरफ्तारी पर रोक

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह को गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट विधायक की गिरफ्तारी पर फिलहाल 5 जून तक रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई भी 5 जून को निर्धारित की गई है। 

अश्लील डांस और हथियारों के प्रदर्शन का मामला

बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह की गोपालगंज में अश्लील डांस और हथियारों के प्रदर्शन मामले में गिरफ्तारी नहीं होगी। विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय की अदालत में इस मामले पर विस्तृत सुनवाई हुई। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं द्वारा पेश की गई दलीलों को सुनने और मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद अदालत ने दोनों आरोपितों को यह अंतरिम राहत प्रदान की।

पुलिस नहीं अब तक नहीं सौंपी FSL रिपोर्ट

सुनवाई के दौरान विधायक अनंत सिंह के अधिवक्ता राजेश पांडेय ने जोरदार पैरवी की। उन्होंने अदालत को बताया कि पुलिस अब तक इस मामले से संबंधित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की जांच रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने में पूरी तरह नाकाम रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के अभाव में आरोपितों को हिरासत में रखने का कोई ठोस आधार नहीं है।दूसरी ओर, सरकार की तरफ से पक्ष रख रहे लोक अभियोजक ने एफएसएल रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अदालत से अतिरिक्त समय की मांग की। बचाव पक्ष के अधिवक्ता के अनुसार, अग्रिम जमानत याचिका पर गंभीरता से विचार करते हुए न्यायालय ने मामले की परिस्थितियों को देखा और पुलिस को अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी न करने का सख्त आदेश जारी किया।

क्या है मामला?

2 मई को जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया था। 2 मई को गोपालगंज जिले के सेमराव गांव में हथियार लहराने और अश्लील गानों के प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो मीरगंज के सेमराव में गुड्डू राय के यहां उपनयन संस्कार का कार्यक्रम था। अनंत सिंह डांसरों के साथ गाने पर थिरकते हुए नजर आ रहे थे। इसी वीडियो में आधा दर्जन से ज्यादा लोग अपने हाथों में हथियार लिए हुए थे। उनके समर्थक हथियार लहराते हुए डांस कर रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मीरगंज थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी।

Share This Article