मृतक पेंशनधारी के परिजन से रिश्वत मांगना पड़ा भारी, गोड्डा के SBI डुमरिया शाखा में CBI की बड़ी कार्रवाई

KK Sagar
2 Min Read

गोड्डा। जिले के डुमरिया स्थित SBI शाखा में सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की छापेमारी से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक पेंशनधारी के परिजन से पेंशन संबंधी कार्य कराने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद CBI की टीम कार्रवाई के लिए बैंक पहुंची।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे CBI अधिकारियों की टीम बैंक परिसर में दाखिल हुई और जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान बैंक में मौजूद ग्राहकों को बाहर निकाल दिया गया तथा बैंक परिसर और आसपास आवश्यक सूचना संबंधी नोटिस लगाए गए। टीम ने बैंक के कुछ कर्मियों से पूछताछ की और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।

सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने कथित तौर पर एक बैंककर्मी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। हालांकि देर शाम तक CBI या बैंक प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस कार्रवाई के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल बनी रही। मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल CBI की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....