हमले के बाद खान सर की कोचिंग अगले आदेश तक बंद, बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र, पुलिस फोर्स ने संभाला मोर्चा

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के पटना में स्थित खान सर कोचिंग सेंटर पर मंगलवार रात को अंधाधुंध फायरिंग हुई। सेंटर पर करीब 10-12 राउंड गोलियां चलाई गई हैं। इस वारदात के बाद कोचिंग सेंटर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही कोचिंग अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है। इस बीच बुधवार को छात्रों का हुजूम सड़क पर उमड़ पड़ा। कोचिंग पहुंचे छात्रों ने खान सर जिंदाबाद के नारे लगाए। छात्रों की भीड़ को संभालने के लिए पुलिस फोर्स लगाना पड़ा।

सड़क पर उतरे छात्र

मंगलवार रात मुसल्लाहपुर हाट के पास स्थित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलीबारी की घटना के बाद बुधवार सुबह छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई। सुबह से ही खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र में हजारों छात्र एकत्र हो गए। छात्रों ने संस्थान के बाहर नारेबाजी करते हुए खान सर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। छात्रों का कहना था कि उनके प्रिय शिक्षक पर हुआ हमला बेहद गंभीर है और प्रशासन को तत्काल उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध करानी चाहिए।

खान सर ने की छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील

छात्रों को संभालने के लिए पुलिस को भारी सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ी। छात्रों को समझाने के लिए पुलिस ने काफी कोशिश की, लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खान सर स्वयं कोचिंग सेंटर की बालकनी में पहुंचे और छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बार-बार छात्रों से सड़क खाली कर अपने-अपने घर लौटने का अनुरोध किया। हालांकि, खान सर की अपील के बावजूद छात्र मौके से हटने को तैयार नहीं दिखे और लगातार नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि जब तक प्रशासन उनकी सुरक्षा संबंधी मांगों पर स्पष्ट आश्वासन नहीं देता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

इधर, घटना के बाद कोचिंग परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बिल्डिंग के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके। हमले के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में सुरक्षा की भी मांग की है। खान सर ने आरोप लगाया कि वारदात को अंजाम बगल के कोचिंग वालों ने दिलाया है। खान सर ने कहा कि बगल के कोचिंग वालों को मेरे कम फीस लेने से परेशानी है।

क्या है मामला?

बता दें कि देर रात शुरू हुआ जब चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कैंपस के पास फायरिंग की घटना की खबर सामने आई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में कोचिंग का गार्ड जख्मी हुआ है। उसे गोली लगी है। उधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।

Share This Article