पलामू। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पलामू जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों और मार्गों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि नवंबर 2024 में अनाबद्ध निधि के तहत शहर में 113 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।
उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम से वर्तमान में कार्यरत एवं खराब पड़े कैमरों की जानकारी ली तथा सभी कैमरों के नियमित रखरखाव और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही शहर के महत्वपूर्ण स्थानों, गलियों, मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त कैमरों की आवश्यकता का आकलन करने के लिए सभी सिटी मैनेजरों को एक सप्ताह के भीतर सर्वेक्षण पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

