आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। इस बार महंगाई का असर सीधे रसोईघर पर पड़ा है। दरअसल, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में एक बार फिर से बढ़ोतरी की है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है। बढ़ी हुई कीमतें आज से लागू हो गई हैं।
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो जाएगी। कोलकाता में इसका नया दाम 968 रुपये, मुंबई में 941 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये हो गया है।
तीन महीनों में दूसरी बार बढ़ा दाम
यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।इससे पहले एक जून को 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडरों की कीमत बढ़ाई गई थी।
चार महानगरों में नया दाम
देश के चार महानगरों में घरेलू गैस सिलेंडर की पुरानी एवं नई कीमतें…
| मेट्रो शहर | वर्तमान कीमत (₹) | नई कीमत (₹) |
| दिल्ली | 913 | 942 |
| कोलकाता | 939 | 968 |
| मुंबई | 912.50 | 941.50 |
| चेन्नई | 928.50 | 957.50 |
क्यों बढ़े दाम?
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मार्च में की गई 60 रुपये की वृद्धि के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा था। ताजा संशोधन से पहले सरकारी तेल कंपनियों को हर घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। ऐसे में बढ़ती लागत को देखते हुए कीमतों में इजाफा करना आवश्यक माना गया।
कंपनियों को हो रहा है नुकसान
जानकारों का कहना है कि पिछली बढ़ोतरी केवल आंशिक रूप से हुई थी। सिलेंडरों के दाम में जितनी बढ़ोतरी की गई थी, तेल कंपनियों की घरेलू एलपीजी बिक्री पर उससे ज्यादा नुकसान हो रहा था। इसलिए इसी नुकसान की भरपाई के लिए यह बढ़ोतरी की गई है। दाम में ताजा बढ़ोतरी से पहले, इन सरकारी कंपनियों को हर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। अब इसमें 42 रुपये की कमी आई है।

