धनबाद, 5 जून 2026: 5 झारखंड बटालियन एनसीसी, धनबाद द्वारा डीएवीआईटी परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-VII) का शुभारंभ किया गया। शिविर में लगभग 500 एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है।
शिविर का उद्घाटन 5 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अभिमेष झा ने किया। इस दौरान उन्होंने एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कैडेटों को इसके मूल सिद्धांतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को अनुशासित नागरिक और भविष्य का सक्षम नेतृत्व तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कर्नल झा ने बताया कि एनसीसी प्रशिक्षण केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक, नैतिक एवं मानवीय मूल्यों के विकास पर भी केंद्रित है। शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, हथियार संचालन, फायरिंग, मानचित्र अध्ययन (मैप रीडिंग), फील्ड एवं बैटल क्राफ्ट तथा नेतृत्व प्रशिक्षण जैसे सैन्य विषयों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
शिविर में व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन, भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी एवं अग्निवीर बनने से संबंधित विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सामाजिक सेवा, सामुदायिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कैडेटों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने हेतु प्रतिष्ठित सैनिक कैंपों के लिए कैडेटों के चयन की प्रक्रिया भी आयोजित की जाएगी।
शिविर के संचालन में उप शिविर कमांडेंट मेजर सीमा जायसवाल, कैंप एडजुटेंट सूबेदार आर.पी. सिंह तथा अन्य प्रशिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कर्नल अभिमेष झा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में टीम भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति को मजबूत करते हैं तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

