बिहार के चर्चित कोचिंग टीचर और यूट्यूबर फैजल खान उर्फ खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और बवाल के मामले में सोमवार एफआईआर दर्ज होने के बाद पिछले तीन दिनों से खान सर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
खान सर की याचिका पर मंगलवार को सुनवाई
खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर अब पटना सिविल कोर्ट मंगलवार को सुनवाई करेगा। कोर्ट ने याचिका को सुनवाई के लिए मंगलवार का दिन तय किया है। बता दें, खान सर के वकील की ओर से ऑनलाइन अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई थी।
दो सुरक्षा गार्डों की जमानत पर फैसला सुरक्षित
उधर, खान सर के बॉडी गार्ड के केस में सुनवाई पूरी हो गई है और कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया गया है। वहीं फैसल खान के मामले में केस डायरी मांगी गई है और उनका आपराधिक इतिहास मांगा गया है। इसके अलावा दोनों गार्ड की भी केस डायरी मांगी गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर का है। संस्थान की ओर से आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग कैंपस में घुस आए और वहां तोड़फोड़ की। इस दौरान होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचाया गया और सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट भी की गई। इस मामले में खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद सहित चार लोगों को नामजद और करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मालमे में कार्रवाई करते हुए रौशन आनंद और इनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद गुरुवार को ज्ञान बिंदू कोचिंग संस्थान के सदस्यों की ओर से एक वीडियो जारी करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर ने स्वयं इस घटना की साजिश रची थी। उनके गार्डों ने फायरिंग की। इसी वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने गुरुवार को जांच के बाद आज प्राथमिकी दर्ज की है।

