पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े चर्चित नाम जहांगीर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बंगाल एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और टीएमसी नेता जहांगीर खान को नेपाल सीमा के पास से पकड़ा है। टीएमसी नेता जहांगीर खान को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के मुताबिक, चुनावी हिंसा के आरोपी जहांगीर लंबे समय से फरार थे और मतदान के दौरान पुलिस को खुली चुनौती देकर चर्चा में आए थे।
नेपाल भागने की कोशिश में था जहांगीर खान
पिछले कई दिनों से फरार चल रहे जहांगीर खान को लेकर सुरक्षा एजेंसियां निगरानी कर रही थी। सोमवार को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नेपाल सीमा के पास अभियान चलाकर जहांगीर खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शक है कि वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था।
नेपाल सीमा पर STF ऑपरेशन
स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को पिछले कुछ दिनों से जहांगीर खान की लोकेशन को लेकर लगातार इनपुट मिल रहे थे। सोमवार तड़के मिली सूचना के बाद STF की टीम ने सीमा क्षेत्र में घेराबंदी की और अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार खान को बिना किसी बड़े विरोध के हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
चुनाव के दौरान जहांगीर खान का वीडियो हुआ था वायरल
जहांगीर खान के खिलाफ फाल्टा थाने में जबरन वसूली, धमकी देने, राजनीतिक हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने से जुड़े सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। पश्चिम बंगाल में हुए हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान जहांगीर खान का एक वीडियो भी खूब वायरल हुआ था। इसमें वह फाल्टा सीट पर जीत का दावा करते हुए फिल्मी स्टाइल में कह रहा था कि पुष्पा झुकेगा नहीं। इन मामलों के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही थी।

