डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: भीषण गर्मी झेल रहे जमशेदपुर और इसके आसपास के इलाकों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आसमान में छाए बादलों और शाम को चली ठंडी हवाओं ने मौसम का रुख बदल दिया है। मौसम विभाग ने शहर के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक आने वाले दिनों में न सिर्फ गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि पारे में भी भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
13 जून तक अलर्ट जारी, धूल भरी आंधी और गरज-चमक की आशंका
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के बुलेटिन के अनुसार 10 से 13 जून तक के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (धूल भरी आंधी) चलने की संभावना है। आंधी के साथ-साथ गरज-चमक की स्थिति भी बनी रह सकती है।
15 जून तक हर दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 जून तक हर दिन बारिश होने की संभावना जताई गई है। सप्ताह के अंत में आसमान पूरी तरह बादलों से घिरा रहेगा और एक से दो बार तेज बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
जानिए कैसा रहेगा तापमान और कब मिलेगी गर्मी से निजात?
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.0 डिग्री अधिक था। हवा में नमी का स्तर 40% दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 जून को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। हालांकि 10 जून से ही पारे में गिरावट दर्ज की जाने लगेगी। इसके बाद तापमान गिरकर पहले 30 डिग्री सेल्सियस और फिर 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जिससे मौसम बेहद सुहावना हो जाएगा। मौसम में आए इस बदलाव से जहां एक ओर लोगों को तपती धूप से निजात मिली है, वहीं आने वाले 5-6 दिनों तक लगातार होने वाली बारिश और आंधी को देखते हुए विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

