पलामू – नादगाद गांव में 66 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

KK Sagar
2 Min Read

पांकी। पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत करार पंचायत के नादगाद गांव में 66 वर्षीय धनराज भुइयां की अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार रात हुई इस वारदात के बाद गांव में भय और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

Advertisement

घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद मध्य सदस्य खुशबू कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं ग्रामीणों ने भी इस जघन्य घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी से ही क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बहाल हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....