धनबाद – SIR के कार्य में लापरवाही पर एसडीएम सख्त, प्रभारी प्रधानाध्यापक को 24 घंटे में जवाब देने का निर्देश

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के कार्यों में लापरवाही और निर्वाचन कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में धनबाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, 40 धनबाद विधानसभा-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगे ने राजकीय मध्य विद्यालय, पुटकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक भागीरथ कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

एसडीएम ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे मतदान केंद्र संख्या-409 (मध्य विद्यालय पुटकी नया भवन पूर्वी भाग) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद पाया गया, जिससे निर्वाचन संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे थे।

उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिन विद्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित हैं, उनके गेट खुले रखने का स्पष्ट आदेश दिया गया है ताकि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) वहां बैठकर एसआईआर-2026 से जुड़े कार्यों का सुचारू रूप से संचालन कर सकें।

गेट बंद रहने से मतदाताओं को हुई परेशानी

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय का गेट बंद होने के कारण मतदान केंद्र संख्या-409 की बीएलओ को अपना कार्य पास स्थित उच्च विद्यालय, पुटकी में बैठकर करना पड़ रहा था। इससे न केवल निर्वाचन कार्य प्रभावित हुआ, बल्कि संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं को भी आवश्यक कार्य कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर होगी कार्रवाई

एसडीएम लोकेश बारंगे ने इस मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक को पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। नोटिस में पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में उनके द्वारा निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बाधा उत्पन्न होने दी गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले की रिपोर्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त को भेजी जाएगी तथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं

धनबाद प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या बाधा को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....