मानसून से पहले NHAI अलर्ट मोड में, राष्ट्रीय राजमार्गों पर युद्धस्तर पर चल रही तैयारियां

KK Sagar
3 Min Read

रांची: मानसून के आगमन को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। झारखंड स्थित NHAI के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों पर रखरखाव और सुधार कार्यों को तेज गति से पूरा किया जा रहा है।

NHAI ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव और यातायात बाधित होने की संभावनाओं को कम करने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, बॉक्स कल्वर्ट एवं क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं की मरम्मत, साइड ड्रेनों की सफाई और जल निकासी मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इसके अलावा जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी भी की जा रही है।

प्राधिकरण के अधिकारी लगातार विभिन्न परियोजनाओं और राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवश्यक कार्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि मानसून के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग देश के विकास और संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके। सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा NHAI की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्राधिकरण ने कहा कि आधुनिक और विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना के निर्माण के साथ-साथ उसके प्रभावी रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मानसून पूर्व किए जा रहे ये कार्य न केवल सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद करेंगे, बल्कि वर्षा ऋतु के दौरान यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

NHAI ने यात्रियों से अपील की है कि वे मानसून के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, सड़क सुरक्षा संकेतों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....