राहुल गांधी 11 जुलाई को पटना में करेंगे छात्र सम्मेलन, पेपरलीक के खिलाफ करेंगे छात्रों से संवाद

Neelam
By Neelam
3 Min Read

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी NEET परीक्षा विवाद और युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी वह इस तरह के सम्मेलनों के माध्यम से छात्रों से संवाद करेंगे।

17 जून को कोटा से शुरू होगा अभियान

इस अभियान के जरिए राहुल गांधी केंद्र सरकार के सामने नीट परीक्षा का डिसेंट्रलाइजेशन, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एग्जाम फीस की समाप्ति, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में उच्चतम स्तर पर जवाबदेही तय करना, जैसी मांगें रखेंगे। इस अभियान की शुरुआत 17 जून को कोटा से हो रही है। उसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना में और 14 जुलाई को दिल्ली में सम्मेलन होंगे।

छात्रों और युवाओं के लिए उठाएंगे आवाज

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने इसकी जानकारी दी। वेणुगोपाल ने कहा, राहुल गांधी देश के छात्रों और युवाओं के लिए लगातार आवाज उठाने में एक विश्वसनीय आवाज बनकर उभरे हैं। यह अभियान उन लाखों युवा भारतीयों की समस्याओं को सामने लाएगा जिनका भविष्य पेपर लीक, परीक्षा की बढ़ती लागत और एक निष्पक्ष पारदर्शी भर्ती प्रणाली नहीं होने से प्रभावित हो रहा है।

परीक्षा ‘घोटालों’ से प्रभावित लोग होंगे शामिल

वेणुगोपाल के मुताबिक इन सम्मेलनों में छात्र, परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा, युवा संगठन, शिक्षक और परीक्षा ‘घोटालों’ से सीधे प्रभावित, सभी लोग शामिल होंगे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इस सम्मेलन में उन लाखों युवा भारतीयों की मुश्किलों को सामने लाया जाएगा जिनका भविष्य पेपर लीक, परीक्षा की बढ़ती लागत और निष्पक्ष, पारदर्शी भर्ती और शिक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने में सरकार की विफलता के कारण बार-बार खतरे में पड़ रहा है।

छात्रों को एकजुट करने मे जुटी कांग्रेस

वेणुगोपाल ने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत, पार्टी देश भर में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और स्थानीय यूनिट के माध्यम से बड़े पैमाने पर छात्रों तक पहुंचने और उन्हें एकजुट करने के राहुल गांधी के आह्वान को आगे बढ़ाएगी।

Share This Article