पलामू – एक हादसा और उजड़ गए चार घर : जियारत से लौट रहे मेदिनीनगर के चार लोगों की सड़क हादसे में मौत, शहर में पसरा मातम

KK Sagar
2 Min Read

मेदिनीनगर: आस्था की यात्रा से लौट रहे चार परिवारों की खुशियां एक दर्दनाक सड़क हादसे में हमेशा के लिए उजड़ गईं। कछौछा शरीफ से जियारत कर मेदिनीनगर लौट रहे चार लोगों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सभी की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा कोतवाली देवगांव क्षेत्र के पास हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज़ रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े मोहम्मद कैश, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सभी लोग कछौछा शरीफ में जियारत करने गए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Advertisement

घटना की खबर मेदिनीनगर पहुंचते ही शहर में मातम का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों की मगफिरत और शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की दुआ की है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक शव मेदिनीनगर नहीं पहुंचे थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....