पटना में ज्ञान बिंदू कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत के बाद खान सर उर्फ फैजल खान ने एक भावुक वीडियो जारी किया है। अपने वीडियो पोस्ट में वे भावुक नजर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
खान सर ने हर संभव मदद की बात कही
खान सर अपने वीडियो पोस्ट में कहते हुए दिख रहे हैं कि, “इतनी भयानक स्थिति इतनी कठोर स्थिति से वह कैसे निकल पाएंगे? इस घटना के बाद पता नहीं कैसे परिवार इस मुश्किल को सहन करेगा? इस कठिन दौर में हमारी संवेदना परिवार के साथ है। जब कोई ऐसी खबर सुनता है तो दिल बैठ जाता है। किसी के परिवार के साथ ऐसा न हो। फैजल खान ने आगे कहा कि दुश्मन के परिवार के साथ भी ऐसा न हो।हमारी पूरी संवेदना परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि परिवार अभी किसी भी तरह की बात करने की स्थिति में नहीं होगी, हम इस चीज को समझ सकते हैं। किसी के साथ ऐसा न हो, लेकिन हमसे जो प्रयास होगा वेलोग हमको जो कहेंगे, हम हर संभव उनकी मदद करने के लिए तैयार हैं।
कोई तीसरा इसमें साजिश कर रहा-खान सर
फैजल खान ने आगे कहा, “पुलिस अपना एक ऑफिशियल बयान जारी करे जिससे स्पष्ट हो कि मामला क्या है। जल्द से जल्द पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजिनक किया जाए। सबसे ज्यादा जो अजीब चीज है, इसमें कोई तीसरा इंसान लग रहा है, कोई तीसरा इसमें साजिश कर रहा है, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उच्चस्तरीय जांच के बाद जो दोषी पाए जाएं उसमें से किसी को नहीं छोड़ा जाए। फांसी से नीचे सजा नहीं होनी चाहिए, अगर कोई इसमें शामिल हैं तो।”
प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत
बता दें कि पटना के प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को नेपाल के विराटनगर के एक होटल में प्रिंस यादव का शव मिला था। प्रिंस यादव पर खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में एफआईआर दर्ज था। वहीं उनके भाई रौशन आनंद जेल में थे। उन्होंने आज जमानत मिल गई है।

