धनबाद। रांची में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग रैंकिंग चैंपियनशिप-2026 के उद्घाटन समारोह में धनबाद के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रुद्रांश शर्मा को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों और शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें झारखंड के पर्यटन सचिव श्री मुकेश कुमार, आईएएस द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर रुद्रांश शर्मा की उपलब्धियों को राज्य की खेल पहचान और गौरव के रूप में सराहा गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से धनबाद के खेल प्रेमियों और रोलर स्केटिंग खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रुद्रांश की इस उपलब्धि का श्रेय धनबाद जिला रोलर स्केटिंग एसोसिएशन को भी दिया जा रहा है, जिसके निरंतर सहयोग, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
संघ की अध्यक्ष डॉ. राजश्री भूषण ने रुद्रांश शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता धनबाद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रुद्रांश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।
वहीं, संघ के सचिव रजनीश कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी संघ खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
कोच अभिषेक कुमार एवं शिव कुमार महतो ने भी रुद्रांश शर्मा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी लगन, समर्पण और मेहनत ने उन्हें यह ऐतिहासिक मुकाम दिलाया है।
रुद्रांश शर्मा की इस उपलब्धि पर धनबाद के खेल जगत ने गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सम्मान जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

