राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: 8 आरोपी गिरफ्तार, चंपत राय के इस्तीफे की चर्चा तेज

KK Sagar
2 Min Read

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार शाम हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूरी रात राम जन्मभूमि थाने में पूछताछ की गई, जिसके बाद शुक्रवार सुबह उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई। सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रमाकांत उर्फ टिन्नू यादव (रामशंकर यादव), सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडे, मनीष यादव और रमाशंकर मिश्रा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी मंदिर में आने वाले चढ़ावे की गिनती और हिसाब-किताब से जुड़े कार्यों में तैनात थे। इनमें छह कैशियर हैं, जबकि टिन्नू यादव कैश काउंटिंग की निगरानी और बैंक तक राशि पहुंचाने का जिम्मा संभालता था।

मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में टिन्नू यादव की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार चढ़ावे की राशि रखने वाले बॉक्स की चाबियां भी उसके पास रहती थीं और चढ़ावे की गिनती से जुड़े कर्मचारियों की नियुक्ति एवं व्यवस्था में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। पुलिस अब उसके वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

इस बीच सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में न तो चंपत राय और न ही अनिल मिश्रा का नाम शामिल है। इस संबंध में ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....