देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिहार, झारखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब समेत 16 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार और झारखंड में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा चल सकती है। वहीं दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
आईएमडी ने पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी और सक्रिय होगा, जिससे कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

