जापान में फिर कांपी धरती: 6.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत, सुनामी का खतरा नहीं

KK Sagar
2 Min Read
Earthquake

जापान में रविवार सुबह एक बार फिर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, उत्तर-पूर्वी जापान के इवाते प्रीफेक्चर के तट पर स्थानीय समयानुसार सुबह 7:25 बजे 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 40 किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि राहत की बात यह रही कि भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई और फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

भूकंप के झटके इवाते के अलावा आओमोरी और आसपास के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। लगातार आ रहे भूकंपों के कारण टाइफून के मौसम में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा बढ़ गया है, जिससे प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।

हाल के दिनों में जापान में भूकंपीय गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। गुरुवार को इसी क्षेत्र में 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता बाद में संशोधित कर बढ़ाई गई। वहीं शुक्रवार को यामानाशी प्रांत और माउंट फ़ूजी के आसपास 5.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। मौसम एजेंसी ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और झटके महसूस किए जा सकते हैं।

Advertisement

उधर, शनिवार शाम अफगानिस्तान में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए थे। लगातार विभिन्न देशों में आ रहे भूकंपों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....