डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर :लंबे समय से उमस और तपती गर्मी झेल रहे जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। अगले पांच दिनों तक शहर समेत पूरे राज्य में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
तापमान में आएगी भारी गिरावट
मौसम केंद्र के मुताबिक लगातार होने वाली इस मानसूनी गतिविधि के कारण अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे स्टील सिटी के निवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 2 जुलाई तक आसमान में लगातार बादल छाए रहेंगे।
जानिए अगले कुछ दिनों का वेदर अपडेट
29 जून: पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। जमशेदपुर में भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
30 जून: राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की आशंका जताई गई है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
1 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत पूरे कोल्हान और मध्य झारखंड (रांची, बोकारो, खूंटी, रामगढ़, धनबाद आदि) के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार हैं। 1 जुलाई को होने वाली भारी बारिश और अगले कुछ दिनों तक वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है, खासकर वज्रपात के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

