आवारा कुत्ते ने 4 वर्षीय मासूम पर किया हमला, चेहरे पर गंभीर जख्म; रिम्स रेफर

KK Sagar
2 Min Read

गिरिडीह: जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांडेय प्रखंड के जमजोरी गांव में आवारा कुत्ते के हमले में चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे पर हमला कर गाल के पास गहरा जख्म कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जमजोरी गांव निवासी चार वर्षीय बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा और चेहरे के बाईं ओर गाल के पास बुरी तरह नोच डाला। कुत्ता काफी देर तक बच्चे को नहीं छोड़ रहा था। मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया। तब तक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था।

घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने चेहरे पर गहरे जख्म और बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए बच्चे को रिम्स भेज दिया।

घटना के बाद गांव में आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, जिससे बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई करते हुए आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....