धनबाद: ट्रैफिक डीएसपी के निर्देश पर मंगलवार को धनबाद यातायात विभाग ने शहर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत सिटी सेंटर और सरायढेला थाना मोड़ के पास दो स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई।
यातायात विभाग के मेजर राकेश कुमार दुबे ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
अभियान के दौरान सैकड़ों वाहनों की जांच की गई। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया। वहीं, गंभीर अनियमितता पाए जाने पर चार वाहनों को जब्त कर धनबाद थाना भेज दिया गया।
यातायात विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, सभी यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

