राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला, 20 सालों के बाद बदला पता, कहां शिफ्ट हुआ लालू परिवार?

Reena Sharma
2 Min Read

आखिरकार 10 सर्कुलर रोड बंगले को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने खाली कर दिया। करीब 20 साल बाद राबड़ी देवी का यह आवास खाली हुआ है। अब राबड़ी देवी अपने परिवार के साथ कौटिल्य नगर स्थित आवास में शिफ्ट हो गई हैं।

निजी आवास में हुई शिफ्ट

राबड़ी देवी अपने परिवार के साथ कौटिल्य नगर स्थित जिस आवास में शिफ्ट हुई हैं, वो निजी आवास है। वहीं, तेजस्वी यादव का परिवार यानी कि उनकी पत्नी और बच्चे एक पोलो रोड वाले सरकारी आवास में शिफ्ट हुए हैं। इससे पहले 22 जून को भवन निर्माण विभाग की ओर से नोटिस भेज कर सात दिनों में आवास खाली करने का आदेश दिया था, जिसके बाद राबड़ी देवी की ओर से कुछ और समय की मांग की गई थी।

Advertisement

2006 में 10 सर्कुलर रोड बंगला राबड़ी देवी को मिला था

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 2006 में राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया गया था। राबड़ी देली जब बिहार विधान परिषद की नेता विरोधी दल बनीं, इस दौरान भी 10 सर्कुलर रोड के सरकारी बंगले में रहीं। इसी बंगले में रहते हुए तेजस्वी यादव बिहार के उपमुख्यमंत्री बने थे।

दो दशक तक रहा आरजेडी का राजनीतिक केंद्र

10 सर्कुलर रोड का यह सरकारी आवास लंबे समय तक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा। राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री रहने के दौरान से लेकर हाल के वर्षों तक पार्टी की कई महत्वपूर्ण बैठकें और राजनीतिक रणनीतियां इसी आवास से तय होती रही हैं। लालू यादव समेत उनके परिवार के तमाम सदस्य 10 सर्कुलर रोड से तमाम राजनीतिक समीकरणों को सेट करने की योजना बनाते रहे हैं।

Share This Article