डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: मानसून की भारी बारिश के बीच जमशेदपुर पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ओडिशा के व्यांगबिल डैम और पूर्वी सिंहभूम के चांडिल डैम के फाटक कभी भी खोले जा सकते हैं, जिससे सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। इस संभावित खतरे को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। प्रशासन ने पूरे प्रभावित क्षेत्र को 9 क्लस्टरों में बांटकर टीमों की तैनाती कर दी है। अगर आप भी तटीय या निचले इलाकों में रहते हैं, तो प्रशासन की इन तैयारियों और आपातकालीन नंबर्स को नोट कर लें।
24 घंटे एक्टिव रहेंगे ये दो कंट्रोल रूम
किसी भी आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए प्रशासन ने दो कंट्रोल रूम बनाए हैं, जो दिन-रात काम करेंगे।
JNAC कार्यालय कंट्रोल रूम: नोडल पदाधिकारी सिटी मैनेजर ज्योति पुंज (9471511844), विश्वजीत मुंडा, दारा सिंह सिंकू।
तरुण संघ, ब्लॉक नं.-4, शास्त्रीनगर कदमा कंट्रोल रूम: नोडल पदाधिकारी जॉय गुड़िया (8102315618), कनीय अभियंता अभिषेक कुमार, राजीव रंजन साव और अजय चौरसिया।
गोताखोर टीम संपर्क: नगर प्रबंधक प्रकाश साहू (9835143070) की देखरेख में पर्याप्त संख्या में गोताखोर, नाव, नाविक और ट्यूब की व्यवस्था की गई है।
आपके इलाके का ‘राहत शिविर’ कहां है?
प्रशासन ने 8 प्रमुख राहत शिविर चिह्नित किए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सरकारी और निजी स्कूलों-कॉलेजों के भवनों का भी उपयोग किया जाएगा। अपने इलाके के अनुसार नजदीकी केंद्र नोट कर लें।
पार्वती घाट (सुंदरी बस्ती): आपके लिए सरदार माधव सिंह विद्यालय में राहत शिविर बनाया गया है।
शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 1 से 3: आपके नजदीकी केंद्र करीमिया निर्मल सेवासदन और बाल्डवीन स्कूल हैं।
शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 4 से 5: आपके लिए शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर, तरुण संघ, कदमा को चिह्नित किया गया है।
प्रतिमा नगर, भाटिया बस्ती, रामजनमनगर: आपके नजदीकी केंद्र ईसीसी फ्लैट हाउस और फुटबॉल मैदान भवन हैं।
बागे बस्ती, ग्रीन पार्क बस्ती, श्यामनगर, राम नगर, हाड़ गोदाम: आपके लिए निर्मल महतो सामुदायिक भवन और कौशल विकास भवन में व्यवस्था की गई है।
रूपनगर, जाहिरा कॉलोनी, आशियाना क्षेत्र, निर्मल नगर सोनारी: आपके लिए राहत शिविर सोनारी भारत सेवाश्रम संघ में है।
बाबूडीह बस्ती, बागुनहातु क्षेत्र: आपका नजदीकी केंद्र विकास भवन, बागुनहातु चौक है।
बारीडीह बस्ती तटीय क्षेत्र, निर्मल नगर, कल्याणनगर: आपके लिए डीएवी पब्लिक स्कूल, पटेलनगर, भुइयांडीह में शिविर बनाया गया है।
राहत शिविरों में क्या मिलेंगी सुविधाएं?
राहत शिविरों की जिम्मेदारी नोडल पदाधिकारी चंद्रगुप्त अशोक वर्धन (8210409303) को सौंपी गई है। इन शिविरों में विस्थापितों के लिए पर्याप्त भोजन और शुद्ध पेयजल, गद्दे, तकिया, चादर और मोमबत्ती-दिया सलाई की व्यवस्था, आपातकालीन स्थिति के लिए फर्स्ट-एड किट (प्राथमिक चिकित्सा) बुनियादी इंतजाम रहेंगे। नदी तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों से अपील किया है कि वे जलस्तर पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत ऊपर दिए गए कंट्रोल रूम नंबरों पर संपर्क करें।

