वासेपुर में SDM का ताबड़तोड़ छापा, SIR फॉर्म के नाम पर वसूली करने वाला गल्फ जॉब’ साइबर कैफे सील

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत फॉर्म भरने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगे ने गुरुवार को वासेपुर क्षेत्र के दो साइबर कैफे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राशि लेकर SIR फॉर्म भरने की पुष्टि होने पर ‘गल्फ जॉब’ साइबर कैफे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

एसडीएम को शिकायत मिली थी कि उक्त साइबर कैफे में मतदाताओं से पैसे लेकर SIR एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा रहे हैं। औचक जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साइबर कैफे को सील कर दिया।

इसके बाद एसडीएम ने ‘रूशान कम्युनिकेशन’ साइबर कैफे का भी निरीक्षण किया। जांच के बाद संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि SIR फॉर्म भरने में केवल बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) की सहायता ही ली जा सकती है। किसी साइबर कैफे संचालक या अन्य अनधिकृत व्यक्ति द्वारा इस प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नियमों के विरुद्ध है।

एसडीएम लोकेश बारंगे ने आम मतदाताओं से अपील की कि वे SIR फॉर्म भरने या जमा करने के लिए किसी निजी या अनधिकृत साइबर कैफे की सेवाएं न लें। उन्होंने कहा कि मतदाता अपनी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा और प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केवल BLO, BLA-2, सुपरवाइजर अथवा अधिकृत वॉलंटियर्स की ही सहायता लें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव संबंधी कार्य का व्यवसायीकरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कोई भी साइबर कैफे संचालक या अन्य व्यक्ति पैसे लेकर SIR फॉर्म भरने का कार्य नहीं कर सकता। ऐसा करना अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने यह भी बताया कि आगे भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संचालित हो सके।

निरीक्षण के दौरान एनडीसी दीपक कुमार दुबे, नगर निगम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एसडीएम कार्यालय के विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....