पटना में जेडीयू विधायक अनंत सिंह के आवास के पास मिला संदिग्ध शव, हत्या की आशंका

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार की राजधानी पटना के एक बेहद सुरक्षित माने जाने वाले पॉश इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। ये शव जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के आवास के पास संदिग्ध हालात में मिला है। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान हैं। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।

अनंत सिंह के आवास से 400 मीटर दूर मिला शव

घटना हार्डिंग रोड पर मौजूद पुल संख्या-15 के पास की है। इस क्षेत्र में राज्य के कई मंत्रियों और विधायकों के सरकारी बंगले स्थित हैं। ऐसे में यह क्षेत्र काफी संवेदनशील और महत्वपूर्ण है। जहां से डेड बॉडी मिली है वह जगह मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह के आवास से 400 मीटर की दूरी पर है। वहीं, विधानसभा से यहां की दूरी 200 मीटर है।

जांच में जुटी पुलिस

सचिवालय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला हत्या के बाद शव यहां फेकने का लग रहा है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के असली कारणों का खुलासा होगा। मृतक युवक की उम्र 25 से 30 साल के बीच में बताई जा रही है। फिलहाल मामले की सभी तरह से जांच कर रहे हैं और यहां के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।

Share This Article