विश्वासघात की हद: जबरन शराब पिलाई, पीटा और फिर… डिमना लेक गैंगरेप केस का पूरा सच

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर :महिला सुरक्षा को लेकर मुस्तैद जमशेदपुर पुलिस ने एक बार फिर कानून व्यवस्था की मिसाल पेश की है। मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दिलदहला देने वाली वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने महज 6 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को दबोचकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश और जितेंद्र शर्मा के रूप में हुई है।

ग्रामीण बने मददगार, सूचना पर तुरंत अस्पताल पहुंची पुलिस
​यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक महिला को लहूलुहान और बदहवास स्थिति में देखा। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना एमजीएम थाना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची और पीड़िता को रेस्क्यू कर तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।

विशेष टीम का गठन और ताबड़तोड़ छापेमारी
​वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। पीड़िता की स्थिति स्थिर होने के बाद जब उसका बयान दर्ज किया गया, तो पुलिस ने बिना कोई देरी किए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। नतीजा यह रहा कि वारदात के महज 6 घंटे के अंदर ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

दोस्ती के बहाने विश्वासघात और दरिंदगी
​पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए बयान के मुताबिक आरोपी उसे घुमाने के बहाने डिमना लेक के मिर्जडीह की तरफ ले गए थे। वहां आरोपियों ने उसके साथ विश्वासघात करते हुए उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद वे उसे एमजीएम थाना क्षेत्र के रूपाईडांगा ले गए, जहां दोबारा उसके साथ मारपीट की गई और जबरन शराब का सेवन कराया गया। ​महिला ने जब इस पूरी हरकत का विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और बारी-बारी से दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को गंभीर हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए थे।

अगली कार्रवाई: पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही कानूनी प्रक्रिया को तेज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि कोर्ट में उनके खिलाफ पुख्ता सबूत पेश कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

Share This Article