आसनसोल: पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गुरुवार को आसनसोल शहर का व्यापक निरीक्षण कर अतिक्रमण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। बाजार क्षेत्र से लेकर बस स्टैंड तक किए गए औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं में बाधा बन रही अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने देखा कि बाजार क्षेत्र में फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं, पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाकर फुटपाथों को आम जनता के लिए खाली कराने और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट और ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों के साथ मौके पर ही स्थिति की समीक्षा की और समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया।
इसके बाद मंत्री ने शहर के बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि कई मिनी और बड़ी बसें बस स्टैंड के बजाय जीटी रोड पर ही यात्रियों को चढ़ा-उतार रही हैं, जिससे सड़क पर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी बसों का परिचालन बस स्टैंड परिसर से ही किया जाए और मुख्य सड़क पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
मंत्री के निर्देश के बाद ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई की। अवैध रूप से खड़ी बसों में जंजीर लगाकर सख्त संदेश भी दिया गया।
निरीक्षण के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शहर में उपयुक्त पार्किंग स्थलों की पहचान की जा रही है, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

