डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:भारतीय स्टील सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा स्टील ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-2027 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने न केवल अपने उत्पादन और डिलीवरी में बढ़ोतरी दर्ज की है, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कमाई के नए रिकॉर्ड भी बनाए हैं। टाटा स्टील के ऑनलाइन सेल्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘आशियाना’ ने इस तिमाही में जबरदस्त रफ्तार पकड़ी है। कंपनी ने इसके जरिए 2200 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जो पिछले साल के मुकाबले 61% की भारी बढ़ोतरी को दर्शाता है।
घरेलू बाजार में टाटा स्टील का जलवा: उत्पादन 5.82 मिलियन टन पार
कंपनी द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारतीय बाजारों में टाटा स्टील का दबदबा लगातार मजबूत हो रहा है।
उत्पादन में उछाल: चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में टाटा स्टील भारत का कुल उत्पादन 5.82 मिलियन टन रहा, जो बीते वित्तीय वर्ष की समान तिमाही में 5.23 मिलियन टन था।
स्टील डिलीवरी: इस तिमाही में स्टील की डिलीवरी बढ़कर 5.17 मिलियन टन तक पहुंच गई है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 4.75 मिलियन टन था।
जमशेदपुर और कलिंगानगर का कमाल: कंपनी के जमशेदपुर और कलिंगानगर प्लांट में बेहतरीन प्रोडक्शन देखने को मिला है। ऑटोमोटिव और स्पेशल प्रोडक्ट्स सेगमेंट में पहली तिमाही के दौरान 0.9 मिलियन टन की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
डाउनस्ट्रीम कंपनियों में भी ‘बंपर ग्रोथ’
टाटा स्टील की सहयोगी और डाउनस्ट्रीम कंपनियों (जैसे- बिजनेस ट्यूब, टिनप्लेट, वायर और कलर) के बिजनेस ग्राफ में भी बड़ा सुधार आया है। पहली तिमाही में इन सभी सेक्टर्स में प्रोडक्शन और डिलीवरी दोनों ही पिछले साल से बेहतर रही है।
ग्लोबल मार्केट: नीदरलैंड और थाईलैंड प्लांट का प्रदर्शन
वैश्विक स्तर पर भी कंपनी ने अपनी मजबूती बनाए रखी है। बात अगर नीदरलैंड प्लांट की करें, तो इस चालू वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में वहां स्टील का उत्पादन बढ़कर 1.70 मिलियन टन हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 1.55 मिलियन टन था। वहीं, इस तिमाही में नीदरलैंड प्लांट से 1.40 मिलियन टन स्टील की डिलीवरी की गई। दूसरी तरफ टाटा स्टील थाईलैंड का प्रदर्शन पिछले साल की तरह ही स्थिर रहा है। इस तिमाही में वहां 0.33 मिलियन टन स्टील का उत्पादन हुआ, जो बीते साल की पहली तिमाही में भी इतना ही (0.33 मिलियन टन) था। इसके साथ ही इस साल भी वहां से 0.34 मिलियन टन स्टील की डिलीवरी दर्ज की गई है।

