जमशेदपुर। करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर के प्राचार्य कक्ष में आज दोपहर दो बजे एक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीम सिटी कॉलेज, अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ बासूधरा राय को सम्मानित किया गया तथा नागपुर, महाराष्ट्र से आए मास्टर सॉफ्टवेयर के प्रतिनिधि प्रीतेश उचकलवार के हाथों लाए गए 50,000 रुपए का चेक पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। यह पुरस्कार महाविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉक्टर एस एम यहिया इब्राहीम, गणित स्नातकोत्तर विभागाध्यक्ष डॉ मोहम्मद मोइज अशरफ तथा अन्य शिक्षकों की मौजूदगी में प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज के शुभ हाथों से डॉ बसूधरा राय को प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उन्हे NEETI (नेशनल एजुकेशन इम्पावरमेंट टीचर्स इनीशिएटिव) द्वारा गत वर्ष सितंबर में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित आइडिया मैराथन में “इन्नोवेटिव टीचिंग” में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए दिया गया। उस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से करीब 150 प्राध्यापकों और विचारकों ने अपने विचार लेखों के साथ भाग लिया था। इसके लिए डॉ राय को सम्मान चिन्ह के साथ चाणक्य अवार्ड से पुरस्कृत किया गया तथा 50000 का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज़ ने अपार प्रसन्नता व्यक्त की और अपनी सहायक प्राध्यापिका पर गर्व करते हुए कहा कि आज डॉ बसूधरा राय ने हमारे महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रौशन किया है। यह बात न सिर्फ हमारे लिए बल्कि हमारे राज्य झारखंड के लिए गर्व की बात है। मैं आशा करता हूं कि डॉ राय तथा हमारे महाविद्यालय के दूसरे प्राध्यापक इसी तरह सराहनीय कार्य करते रहेंगे तथा अपने कार्यों द्वारा उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करेंगे।