धनबाद : 6 लावारिस बैगों में मिली 233 कैन बीयर, कीमत ₹27,410; पश्चिम बंगाल बिक्री वाली शराब जब्त, उत्पाद विभाग को सौंपा गया

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) धनबाद ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12353 लालकुआं एक्सप्रेस से भारी मात्रा में विदेशी बीयर बरामद की है। धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर ट्रेन की जांच के दौरान छह लावारिस बैगों से 116.5 लीटर बीयर जब्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 27,410 रुपये बताई गई है। बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंप दिया गया।

आरपीएफ के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट धनबाद, सीआईबी एवं स्पेशल टास्क टीम द्वारा संयुक्त रूप से स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12:05 बजे लालकुआं एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंचने के बाद हावड़ा छोर के जनरल कोच की तलाशी ली गई।

6 लावारिस बैगों से मिली भारी मात्रा में बीयर

तलाशी के दौरान कोच में दो ट्रॉली बैग और चार पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिले। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैगों पर अपना दावा नहीं किया। बैगों की तलाशी लेने पर उनमें बड़ी मात्रा में विदेशी बीयर बरामद हुई।

जब्त शराब में 89 कैन Kingfisher Strong Premium Beer और 144 कैन Haywards 5000 Premium Strong Beer शामिल हैं। कुल 233 कैन बीयर (116.5 लीटर) की कीमत ₹27,410 आंकी गई है।

‘FOR SALE IN WEST BENGAL ONLY’ लिखी मिली शराब

आरपीएफ ने बताया कि सभी बीयर कैनों पर “FOR SALE IN WEST BENGAL ONLY” अंकित था। आशंका है कि शराब की अवैध तस्करी के उद्देश्य से इसे ट्रेन के जरिए ले जाया जा रहा था।

पूरी बरामदगी को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट धनबाद लाया गया। इसके बाद उप निरीक्षक पालिक मिंज ने उत्पाद निरीक्षक, धनबाद को लिखित शिकायत सौंपते हुए जब्त शराब आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सुपुर्द कर दी।

फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरपीएफ अज्ञात तस्करों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत रेलवे के जरिए होने वाली अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....