वैशाली में डबल मर्डर से सनसनी, छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान और पिता की गोली मारकर हत्या

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के वैशाली जिले से सुबह-सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक पुत्र आर्मी का जवान था, जो कुछ दिनों पहले ही छुट्टी पर घर आया था। रविवार सुबह-सुबह रास्ते को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डबल मर्डर की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर आया था गांव

मृतक जवान की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना में तैनात था और फिलहाल दिल्ली में पोस्टेड था। कुछ दिन पहले एक रिश्तेदार की करंट लगने से मौत के बाद वह छुट्टी लेकर गांव आया था। इसी दौरान गांव में रास्ते और जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद फिर से उभर आया।

रास्ते को लेकर हुई कहासुनी में चली गोलियां

परिवार के मुताबिक शनिवार शाम आरोपी जगदीश राय और जितेंद्र कुमार के बीच रास्ते को लेकर कहासुनी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। लेकिन रविवार सुबह आरोपी ने फिर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारीक राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

पिता-पुत्र की मौत

गोली लगने से 60 वर्षीय मुनारीक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी भी जान नहीं बचाई जा सकी।

आरोपियों को तलाश रही पुलिस

गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं, वारदात के बाद आरोपी और उसके परिवार के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। दर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रास्ते के विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share This Article