Jamshedpur: ‘नशे की लेडी डॉन’ का पारिवारिक नेटवर्क ध्वस्त, बेटा और नाबालिग भी पुलिस की गिरफ्त में

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप इंद्रानगर में चल रहे एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को रंगेहाथ दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध धंधे को कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि एक मां अपने बेटे और एक नाबालिग के साथ मिलकर पारिवारिक बिजनेस की तरह चला रही थी। पुलिस ने मौके से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और 4,820 रुपये कैश बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर बनी स्पेशल टीम, रंगेहाथ दबोचे गए तस्कर
​मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 12 जुलाई की शाम पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि ह्यूमपाइप इंद्रानगर के एक मकान में पिछले काफी समय से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का खेल चल रहा है।
​सूचना की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी (मुख्यालय-2) की देखरेख और सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित मकान पर अचानक छापेमारी की और मौके पर मौजूद सभी आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की कुंडली
भारती केवर्ता (40 वर्ष): गिरोह की मुख्य सरगना और शातिर महिला तस्कर।
विशाल केवर्ता (22 वर्ष): भारती का बेटा, जो मां के साथ इस धंधे में शामिल था।
विधि-विरुद्ध नाबालिग: जिसे इस दलदल में धकेला गया था।

क्राइम हिस्ट्री: पहले भी जेल जा चुकी है ‘लेडी डॉन’
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी भारती केवर्ता इलाके की पुरानी हिस्ट्रीशीटर है। वह पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में कई बार जेल की हवा खा चुकी है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

अब सप्लाई चेन और ‘बिग बॉस’ की तलाश
​पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। सिटी एसपी के मुताबिक यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह परिवार ब्राउन शुगर कहां से लाता था और शहर में इनके नेटवर्क से कौन-कौन से सफेदपोश या अन्य तस्कर जुड़े हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि जमशेदपुर को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह के कड़े अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share This Article