निरसा में सियासी टकराव: सांसद ढुलू महतो की रैली को अनुमति, विधायक अरूप चटर्जी के कार्यक्रम पर रोक

KK Sagar
3 Min Read

एलिवेटेड रोड को लेकर भाजपा-माले आमने-सामने, प्रशासन हाई अलर्ट पर, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

धनबाद: निरसा में एलिवेटेड रोड निर्माण को लेकर बुधवार (15 जुलाई) को भाजपा और भाकपा (माले) के प्रस्तावित कार्यक्रमों से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। प्रशासन ने सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में प्रस्तावित भाजपा की पदयात्रा और सभा को अनुमति दे दी है, जबकि निरसा विधायक अरूप चटर्जी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली। एक ही दिन, एक ही क्षेत्र और लगभग समान समय पर दो बड़े राजनीतिक कार्यक्रम प्रस्तावित होने के कारण संभावित विधि-व्यवस्था की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया।

अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) लोकेश बारंगे की ओर से जारी आदेश के अनुसार भाजपा का आवेदन पहले प्राप्त हुआ था। इसके आधार पर सांसद ढुलू महतो की पदयात्रा और सभा को अनुमति प्रदान की गई। वहीं बाद में प्राप्त आवेदन पर विचार करते हुए प्रशासन ने भाकपा (माले) के कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

जारी आदेश में कहा गया है कि भाजपा का कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एलिवेटेड रोड निर्माण की मांग को लेकर हाथबाड़ी से गोपालगंज मोड़ स्थित जगन्नाथ मंदिर तक आयोजित होगा। दूसरी ओर, माले ने भी लगभग उसी समय और उसी क्षेत्र में प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई।

दोनों दलों के कार्यक्रमों को देखते हुए निरसा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 130 के तहत कार्रवाई की है। मामले की निगरानी के लिए ग्रामीण एसपी भी निरसा पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

मंगलवार को निरसा थाना परिसर में एसडीपीओ लीलेश्वर महतो की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों की मैराथन बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, रूट चार्ट, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर रणनीति बनाई गई। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी निरसा भेजा गया है।

भाजपा की ओर से हाथबाड़ी स्थित निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के पास सभा स्थल तैयार किया जा रहा है, जबकि भाकपा (माले) की ओर से देवियाना गेट और गोपालगंज के बीच जगन्नाथ मंदिर के समीप टेंट लगाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने पर आयोजकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....