विश्व युवा कौशल दिवस पर धनबाद में मेगा प्लेसमेंट ड्राइव, युवाओं को मिले नौकरी के ऑफर और टूलकिट

KK Sagar
3 Min Read

रोजगार मेला, स्किल प्रदर्शनी, करियर काउंसलिंग और फैशन शो का आयोजन; 10 युवाओं को ऑफर लेटर, 5 को स्वरोजगार के लिए टूलकिट।

धनबाद: विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, धनबाद के तत्वावधान में एआईटीएसआईएल (AITSIL) मेगा स्किल सेंटर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना था।

इस अवसर पर मेगा प्लेसमेंट ड्राइव, रोजगार मेला, कौशल प्रदर्शनी, नियोजकों के साथ संवाद, कौशल प्रतियोगिता, माइग्रेशन सपोर्ट सेंटर हेल्प डेस्क, लाइव स्किल डेमो और करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों और कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसरों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक श्रम आयुक्त सह जिला कौशल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री नहीं, बल्कि कौशल भी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री सारथी योजना युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है।

यूएनडीपी के परियोजना सहायक देवेश कुमार ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को लगातार विकसित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान फैशन डिजाइनिंग ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों ने आकर्षक फैशन शो प्रस्तुत किया। साथ ही विभिन्न कंपनियों में चयनित 10 युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे गए, जबकि 5 लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए टूलकिट प्रदान की गई, ताकि वे अपने कौशल के आधार पर आजीविका शुरू कर सकें।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के सेंटर मैनेजर, प्रशिक्षक, नियोजक संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा-युवतियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर कौशल प्रशिक्षण, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

जिला प्रशासन ने युवाओं से मुख्यमंत्री सारथी योजना और अन्य कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़कर अपने कौशल को निखारने, रोजगार के नए अवसर हासिल करने तथा विकसित झारखंड और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....