बिहार में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) को वर्दी की जगह तौलिए में फरियादी की सुनवाई करना महंगा पड़ गया। अथमलगोला थाने में शरीर पर केवल तौलिया लपेटकर लोगों की फरियाद सुनने वाले सहायक एएसआई अंजनी कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। एएसआई का एक वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
तौलिए में फरियादी से लिया आवेदन
मामला मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अथमलगोला थाने के सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह तौलिया पहने हुए ही ओडी टेबल पर पहुंच गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस पदाधिकारी ने इसी स्थिति में एक फरियादी से आवेदन प्राप्त किया। आवेदन लेने के कुछ ही देर बाद वह थाना परिसर के अंदर चले गए। इसी दौरान पूरे घटनाक्रम का किसी ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में क्या?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अथमलगोला थाना में तैनात एएसआई अंजनी कुमार सिंह तौलिए में एक फरियादी से केस से जुड़े दस्तावेज लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके पास एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में बैठा नजर आ रहा है। इसी दौरान एएसआई कथित तौर पर थाने में वीडियो बनाने से भी मना करते हुए दिखाई देते हैं।
एएसआई अंजनी कुमार तत्काल प्रभाव से निलंबित
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी से मर्यादित और अनुशासित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। इस प्रकार की हरकत पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करती है और जनता के बीच गलत संदेश जाता है। इसी आधार पर एएसआई अंजनी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवा आचरण और अनुशासन से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

